Punjab News: रजत जयंती समारोह में भिड़े युवक, जमकर चले लात-घूंसे और कुर्सियां, देखें वीडियो

Written by

in

लुधियानाः हैबोवाल कलां स्थित कुमाऊं भवन में उत्तरांचल कुमाऊं विकास परिषद द्वारा आयोजित उत्तरैणी कौतिक 2026 के भव्य कार्यक्रम में अचानक हिंसा भड़क उठी। परिषद की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस रजत जयंती समारोह में जहां एक ओर पहाड़ी संस्कृति की छटा बिखरी हुई थी। वहीं दूसरी ओर युवाओं के बीच हुए झड़प देखने को मिली। 25वीं वर्षगांठ जैसे गौरवशाली अवसर पर हुई इस घटना से स्थानीय लोगों और उत्तरांचल समाज में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इस तरह की अनुशासनहीनता से समाज की छवि धूमिल होती है। कार्यक्रम के दौरान एक तरफ मंच से घोषणाएं की जा रही थीं और गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया जा रहा था। इसी बीच पंडाल की पिछली कतारों में बैठे कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज से शुरू हुई बात हाथापाई और फिर कुर्सी-युद्ध में तब्दील हो गई। जिसका वीडियो भी सामने आया है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ कुर्सियां बरसा रहे हैं जिससे पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वायरल हो रहे वीडियो में नजर आ रहा है कि कार्यक्रम में अनाउंसमेंट चल रही है और लोग सांस्कृतिक आनंद ले रहे हैं। वही पीछे की सीटों पर हंगामा शुरू होता है। युवक प्लास्टिक की कुर्सियां उठाकर एक-दूसरे पर हमला करते हैं। हमले के दौरान कई कुर्सियां टूटकर बिखर गईं और लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागते दिखे। इस पूरे घटनाक्रम पर थाना हैबोवाल पुलिस का कहना है कि उन्हें कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी तो थी लेकिन इस हिंसक झड़प की आधिकारिक शिकायत अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। मामले का वीडियो हमारे संज्ञान में आया है। विवाद किस कारण से हुआ फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं है। हम जल्द ही संस्था के प्रधान को पूछताछ के लिए बुलाएंगे ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *