Punjab News: अवैध आधुनिक हथियारों सहित 2 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

Written by

in

सोशल मीडिया से पाकिस्तान से हो रही थी अवैध हथियारों की सप्लाई

अमृतसरः नशे और क्राइम के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वहीं आज पुलिस ने इंटेलिजेंस आधारित कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से जुड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस कमिशनर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से ग्लॉक 9 मिमी पिस्तौल समेत कुल 5 आधुनिक हथियार बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रोहित अरोड़ा उर्फ रोडा (जो कैटरिंग का काम करता है) और हरप्रीत सिंह उर्फ हैपी (वेल्डिंग का काम करता है) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों के माध्यम से पाकिस्तान आधारित तस्करों के सीधे संपर्क में थे और अवैध हथियार भारत में सप्लाई कर रहे थे। ये हथियार आगे गैंगस्टरों और अपराधियों तक पहुंचाए जाने थे, ताकि बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम दिया जा सके। पुलिस के मुताबिक, रोहित अरोड़ा के खिलाफ पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। 2022 में उस पर स्नैचिंग और आर्म्ज एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था, जिसमें 30 बोर का पिस्तौल बरामद हुआ। 2023 में जेल के अंदर मोबाइल फोनों का प्रयोग करने और बाद में हेरोइन और ड्रग मनी के मामलों में भी वह गिरफ्तार हो चुका है। इसी तरह हरप्रीत सिंह हैपी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट और आर्म्ज एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। 2023 में अमृतसर एयरपोर्ट पर उससे 304 नशीले कैप्सूल बरामद हुए थे, जबकि 2024 में 32 बोर का पिस्तौल के साथ गिरफ्तारी हुई थी। इस मामले संबंधित गेट हकीमा थाने में आर्म्ज एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि इस जांच से हथियार तस्करी से जुड़े और बड़े नाम भी सामने आ सकते हैं। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों और तस्करी के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और इस तरह के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।    

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *