फिर मिली कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस

Written by

in

नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली में कई स्कूलों को धमकी मिलने की घटना सामने आई है। इस मामले को लेकर प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक की टीम तुरंत हर स्कूलों में पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी है। धमकी के बारे में पहला कॉल सुबह 9:13 बजे झंडेवालान के BD तमिल एजुकेशन को किया गया था। धमकी मिलने वाले स्कूलों में झंडेवाला स्थित बीटी तमिल स्कूल, एसपीवी स्कूल और ब्रिटिश स्कूल का नाम शामिल बताया जा रहा है। इस मामले की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने भी स्कूल परिसरों की गहन जांच शुरू की। स्कूल की बिल्डिंग में कक्षाओं, पार्किंग क्षेत्रों और आसपास के इलाकों की बारीकी से तलाशी ली। मिली जानकारी के अनुसार एक के बाद एक तीन स्कूलों में इस तरह की धमकियां मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस की टीमें सभी लोकेशन पर पहुंच चुकी हैं और स्कूलों को खाली करवाकर हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि वे धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। बता दें कि इसके पहले दिल्ली में सोमवार की सुबह भी नौ स्कूलों को बम धमकी से जुड़ी ईमेल मिली थी। पुलिस के अनुसार ये ईमेल सुबह 8:30 से 9:00 बजे के बीच भेजी गई थीं। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ते तुरंत प्रभावित स्कूलों में पहुंच गए।

सोमवार को दक्षिण दिल्ली में एयर फोर्स स्कूल (लोदी रोड), केआर मंगलम स्कूल और द इंडियन स्कूल (सादिक नगर) को धमकी मिली। अन्य स्कूलों में लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल (दिल्ली कैंट), कैम्ब्रिज स्कूल (स्रीनिवासनपुरी), वेंकटेश्वर स्कूल (रोहिणी), कैम्ब्रिज स्कूल (न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी), सीएम स्कूल (रोहिणी), डीटीए स्कूल (आईएनए) और बाल भारती स्कूल (रोहिणी) शामिल थे। पुलिस ने सभी स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया और कहीं भी किसी तरह की संदिग्ध चीज बरामद नहीं की गई।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *