Punjab News: इस School के प्रबंधक को आई धमकी भरी Call, गैंगस्टर के नाम पर मांगी रंगदारी

Written by

in

लुधियानाः विदेशी नंबरों से लोगों को धमकी भरी कॉल आने का सिलसिला लगातार जारी है। इन केसों के चलते लोग भी बुरी तरह परेशान है और डरे हुए भी हैं। लोग पुलिस से इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। वहीं ताजा मामला लुधियाना के हैबोवाल से सामने आया है जहां, कॉल कर खुद को गैंगस्टर बताकर स्कूल प्रबंधन को धमकाया गया। थाना हैबोवाल की पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

पीड़ित नवजोत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अमृत इंडो Amrit Indo Canadian Sr. Sec. school लाडियां खुर्द (लुधियाना) से संबंधित है। नवजोत सिंह के अनुसार, 14 जनवरी 2026 को उसके पिता हरिमंदर सिंह के मोबाइल नंबर पर +1 (317) 365-8671 से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को “डॉनी बल गैंगस्टर” बताते हुए धमकी दी। पहले कॉल काट देने के बाद आरोपी ने दोबारा मैसेज और कॉल कर परिवार को गंभीर नुकसान पहुंचाने की बात कही। आरोपी ने कहा कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो पीड़ित या उसके परिवार के सदस्य को नुकसान पहुंचाया जाएगा। आरोप है कि इसके बाद कई बार कॉल कर डरा-धमकाकर फिरौती मांगने की कोशिश की गई।

दरअसल, गैंगस्टर डोनी बल पंजाब और विदेशों में सक्रिय संगठित अपराध नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। वह बंबीहा–राणा कंडोवालिया गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। फरवरी 2025 में अमृतसर पुलिस ने उसे एक डेयरी संचालक से रंगदारी मांगने के मामले में नामजद किया था। डोनी बल का नाम कुंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की हत्या की साजिश में भी सामने आ चुका है।

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कॉल और मैसेज के तकनीकी पहलुओं की जांच कर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश या अनजान नंबरों से आने वाली धमकी भरी कॉल्स पर घबराएं नहीं और तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *