Punjab News: Hotel 7 Escapes में ID मांगने को लेकर विवाद, नशे में धुत युवक ने स्टाफ से की धक्का-मुक्की

Written by

in

लुधियानाः शहर में बस स्टैंड के नजदीक स्थित होटल ‘7 एस्केप’ में बीती देर रात उस समय हंगामा हो गया, जब कमरे के लिए पहुंचे एक नशे में धुत युवक ने आईडी प्रूफ मांगने पर गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोप है कि युवक ने फोन कर अपने दो अन्य साथियों को बुला लिया और तीनों ने मिलकर होटल स्टाफ के साथ मारपीट की। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी धमकियां देते हुए फरार हो गए। भागते समय एक आरोपी ने हवाई फायर भी किया।

जानकारी देते होटल संचालक मोहित यादव ने बताया कि उसने बस स्टैंड लुधियाना के पास होटल ‘7 एस्केप’ लीज पर लिया हुआ है। 14 फरवरी 2026 को वह होटल की रिसेप्शन पर मौजूद था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति, जो शराब के नशे में लग रहा था, होटल में आया और कमरा मांगने लगा। स्टाफ ने उससे आईडी प्रूफ मांगा तो वह टालमटोल करने लगा और गुस्से में आकर गाली-गलौज करने लगा।

इसके बाद उसने फोन कर दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों को होटल बुला लिया जिसके बाद तीनों ने मिलकर होटल कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ बढ़ती देख आरोपी मौके से भागने लगे। जब होटल स्टाफ और मौजूद लोगों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो तीनों में से एक ने भागते हुए हवाई फायर कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

वहीं दूसरी ओर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *