Jalandhar News: नायब तहसीलदार को बंधक बनाकर करवाई रजिस्ट्री

जान से मारने की दी धमकी, एक गिरफ्तार, नंबरदार फरार, यूनियन ने दी चेतावनी

जालंधर, ENS: फिल्लौर के तहसील परिसर में महिला नायब तहसीलदार को कार्यालय में बंधक बनाने के बाद जान से मारने की धमकी देकर जबरन जमीन की रजिस्ट्री करवाने का मामला सामने आया है। नायब तहसीलदार की शिकायत पर फिल्लौर पुलिस ने आरोपी रामजी दास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नंबरदार फरार है। फिल्लौर में दो वर्ष से तैनात नायब तहसीलदार 50 वर्षीय सुनीता खुल्लर ने पुलिस के उच्च अधिकारियों को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि 10 फरवरी को वह कार्यालय में जमीन की रजिस्ट्री का काम कर रही थीं। कार्यालय में गांव गन्ना पिंड का रामजी दास व गांव पंजढेरा का नंबरदार कुलदीप कुमार अपने साथियों के साथ कार्यालय में घुस आए। खुद को समाजसेवी बताने वाले रामजी दास ने अपने हाथ में कुछ दस्तावेज पकड़े हुए थे। वह उन दस्तावेजों को दिखाते हुए उन्हें धमकाने लगा। उसने कहा कि वह जो दस्तावेज लाया है, उसके आधार पर अभी रजिस्ट्री की जाए। उन्होंने उसे कहा कि रजिस्ट्री के लिए जो नियम हैं, उन्हें पूरा करें। यह सुनकर रामजी दास तैश में आ गया। उसने साथियों के साथ मिलकर उन्हें कार्यालय में ही बंधक बना लिया और उनके लिए अभद्र शब्द कहने लगा। उसने धमकी दी कि यदि रजिस्ट्री नहीं की गई तो जान से हाथ धोना पड़ सकता है। इस पर नायब तहसीलदार ने उसे कहा कि वह दिल के रोग से पीड़ित हैं, इसलिए उनसे इस तरह अभद्र भाषा का प्रयोग न करें और धमकी न दें परंतु रामजी दास ने उनसे जबरदस्ती जमीन की रजिस्ट्री करवा ली। उन लोगों के कार्यालय से जाने के बाद महिला तहसीलदार ने इस घटना की जानकारी नूरमहल व गोराया के तहसीलदारों के अलावा कानूनगो एसोसिएशन के प्रधान व पटवार यूनियन को दी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए फिल्लौर में पुलिस अधिकारियों के पास शिकायत दी। नायब तहसीलदार के पक्ष में आए जिले के तहसीलदार और नायब तहसीलदारों ने चेतावनी दी है कि 14 फरवरी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो वे हड़ताल पर चले जाएंगे। बताया जा रहा है कि महिला नायब तहसीलदार सुनीता को बंदी बनाने और उनसे जबरन रजिस्ट्री करवाने के आरोपी नंबरदार कुलदीप कुमार को बर्खास्त करने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों ने डीसी जालंधर को पत्र भी लिखा है। नंबरदार के खिलाफ जांच भी शुरू कर दी गई।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *