Punjab News: दुकान में घुसने से टोकना पड़ा महंगा, Goli Gang ने घर पर बरसाईं ईंटें, देखें वीडियो

Written by

in

लुधियानाः शहर के जनता नगर इलाके में मामूली विवाद ने उस समय सघर्ष का रूप ले लिया जब कुछ युवकों ने एक दुकानदार के घर पर हमला कर दिया। विवाद की वजह सिर्फ इतनी थी कि दुकानदार ने युवकों को अपनी दुकान के भीतर से शॉर्टकट लेने से मना किया था। आरोप है कि इलाके के गोली गैंग से जुड़े युवकों ने रात के अंधेरे में पीड़ित के घर पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए और जान से मारने की धमकियां दीं। जानकारी देते पीड़ित जिंदर यादव ने बताया कि उनकी दुकान गली के बिल्कुल मोड़ पर स्थित है। दुकान के दरवाजे 2 तरफ खुलते हैं जिससे गली का कोना कटता है। कुछ दिन पहले कुछ नौजवान बिना इजाजत दुकान के अंदर से होकर दूसरी तरफ निकलने लगे। जब जिंदर यादव ने उन्हें रोका और कहा कि दुकान के अंदर से रास्ता बनाकर मत जाओ तो वे युवक भड़क गए और बहस करने लगे। तब लोगों ने आकर मामले को शांत करवा दिया। विवाद के बाद उसी रात करीब 10:30 बजे 15 से 20 युवक जिंदर यादव के घर के बाहर इकट्ठा हो गए। युवकों ने घर को घेरकर पहले गाली-गलौज शुरू कर दी और जमकर धमकियां दीं। पीड़ित ने तुरंत इसकी शिकायत नजदीकी पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई। पुलिस में शिकायत देने के बावजूद हमलावरों के हौसले पस्त नहीं हुए। 2 दिन बाद रात के समय फिर से 3 युवक बाइक पर सवार होकर आए और उन्होंने आते ही घर पर ईंटें मारनी शुरू कर दीं। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें हमलावर बेखौफ होकर पत्थरबाजी करते और गालियां देते नजर आ रहे हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमला करने वाले युवक इलाके में गोली गैंग के नाम से मशहूर हैं और आए दिन लोगों को डराते-धमकाते रहते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नंबर 6 की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित द्वारा दिए गए वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *