शादी से 10 महीने बाद स्क्रैप कारोबारी ने की आत्महत्या, Suicide Note में लिखा मौत की जिम्मेदार पत्नी

Written by

in

झांसीः शहर के करेरा कस्बे से एक दुखद मामला सामने आया है जहां, अपनी पत्नी के मायके से न लौटने से दुखी स्क्रैप कारोबारी ने सुसाइड कर लिया। उसकी 10 महीने पहले ही शादी हुई थी। झगड़ा होने पर पत्नी 2 सप्ताह पहले मायके चली गई थी। ससुर लेने गए तो आने से मना कर दिया।
पत्नी ने कहा कि पति लेने आएंगे, तभी ससुराल आउंगी। शुक्रवार को कारोबारी के पिता घर लौट पाते, उससे पहले ही कारोबारी ने जहर निगल लिया। परिजन आनन फानन में झांसी मेडिकल कॉलेज लाए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें कारोबारी ने पत्नी समेत उसके परिजनों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी मुताबिक, मृतक का नाम अंकन जोशी उर्फ अंकित (24) पुत्र राजू जोशी था। वह शिवपुरी के करेरा का रहने वाला था। मृतक के पिता राजू जोशी ने बताया कि उसका बेटा स्क्रैप की खरीद-फरोख्त का काम करता था। पिछली 29 अप्रैल 2025 को अपने बेटे अंकन की शादी डबरा निवासी प्रीति से की थी। 21 फरवरी को प्रीति मायके जाना चाहती थी, लेकिन अंकन राजी नहीं था। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। नाराज होकर अंकन ने प्रीति को मायके छोड़ दिया। कई दिन मायके में रहने के बाद भी प्रीति वापस नहीं आ रही थी।

अंकन के फोन करने पर भी वह नहीं आई जिसके बाद वीरवार को वह बहू को लेने के लिए उसके मायके गया था, लेकिन बहू के परिवारवालों ने भेजने से मना कर दिया। शुक्रवार को उसे घर लौटना था। मगर बहू साथ आने को तैयार नहीं हुई। बहू और उसके घरवाले कहने लगे कि जब अंकन लेने आएगा, तब जाएंगे। यह खबर अंकन तक पहुंच गई। उसने घर पर सल्फास की गोली खा ली। तबीयत बिगड़ने पर अपनी मां और भाई को जानकारी दी। तब वे उसे लेकर झांसी मेडिकल कॉलेज आए। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पिता सीधे झांसी पहुंच गए।

पिता ने आगे बताया कि अंकन की जेब से तलाशी के दौरान 4 लाइन का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। डायरी के पन्ने को फाड़कर लिखे इस सुसाइड नोट में उसने लिखा- मेरी मौत के जिम्मेदार मेरी पत्नी और उसके माता-पिता, उसकी मामी और उसकी बहनें हैं। पुलिस ने इस सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामले की भी जांच शुरू कर दी है। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के मुताबिक, पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट करेरा पुलिस को भेजी जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *