शादी की खुशियां मातम में बदली, परिवार के बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

Written by

in

हांसीः जिले के गांव ढाणा कलां में शादी वाले घर में उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब घर के बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत हो गई। दरअसल, ढाणा कलां गांव के रहने वाले काशीराम (70) की भतीजी की शादी कुछ दिन बाद ही थी कि रविवार को उन्हेें अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे उनकी मौत हो गई।

जानकारी मुताबिक, काशीराम रविवार शाम करीब 7 बजे अपनी साइकिल पर किसी काम से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। गांव से कुछ दूरी पर अमरूदों वाले बाग के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद काफी देर तक किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल पाई। बाद में एक वाहन चालक ने सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े काशीराम को देखा और मानवता दिखाते हुए उसे तुरंत हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। अस्पताल में जब कोई परिजन नहीं पहुंचे, तो किसी ने उनकी फोटो सोशल मीडिया ग्रुप में डाल दी। फोटो वायरल होने के बाद ही परिजनों को हादसे की जानकारी मिली।

सूचना मिलते ही मृतक के दोनों बेटे, जो सेना में कार्यरत हैं, अस्पताल पहुंचे। पिता के निधन की खबर सुनते ही उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के लिए यह बेहद दुखद संयोग था कि जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अचानक शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को ही काशीराम के परिवार में भतीजी की बारात आनी थी और पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था।

घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने बताया कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि काशीराम को किस वाहन ने टक्कर मारी। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुट गई है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *