अपने ही स्कूल की बस तले कुचली गई दो मासूम बहनें, एक की पीजीआई पहुंचने से पहले मौत

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के गांव रैंसरी में दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां माउंट कार्मल स्कूल की बस से घर लौटी दो मासूम बच्चियां उसी बस की चपेट में आ गईं। हादसे में तीन साल की बच्ची की पीजीआई चंडीगढ़ पहुंचने से पहले ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची का इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रैंसरी गांव निवासी सुशील की बेटियां आश्वी (LKG) और परीक्षा (UKG) माउंट कार्मल स्कूल में पढ़ती थीं और रोज की तरह स्कूल बस से घर लौटी थीं। बस उनके घर के पास रुकी और दोनों बच्चियां नीचे उतर गईं। इसी दौरान बस चालक वाहन को मोड़ने के लिए पीछे करने लगा।

बताया जा रहा है कि बस बैक करते समय चालक को बच्चियों का ध्यान नहीं रहा और दोनों मासूम बस की चपेट में आकर उसके नीचे आ गईं। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों बच्चियों को बस के नीचे से निकालकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

लेकिन रास्ते में ही तीन वर्षीय आश्वी ने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी बहन परीक्षा का उपचार जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं हुई।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *