स्कूली छात्रा की मौत पर विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने जताया गहरा दुख

Written by

in

बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को दिए कड़े निर्देश

ऊना /सुशील पंडित: जिला मुख्यालय के रैंसरी में सोमवार सुबह अपने ही स्कूल बस की चपेट में आने से नन्हीं छात्रा की हुई दर्दनाक मौत के मामले को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। विधायक सत्ती ने कहा कि छोटे-छोटे बच्चों की सुरक्षा स्कूल प्रशासन और संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है। इस प्रकार की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और इन्हें किसी भी हालत में हल्के में नहीं लिया जा सकता।

स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने जिला प्रशासन को भी इस मामले में आधे हाथ लेते हुए कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को और अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्कूल बसों की नियमित जांच, चालकों की जवाबदेही और बच्चों को सुरक्षित तरीके से बस में चढ़ाने व उतारने की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। जिसके लिए स्कूल बस में चालक के साथ एक सहायक का होना बेहद आवश्यक है।

विधायक सतपाल सत्ती ने प्रशासन से मांग की कि पूरे जिले में स्कूल बसों के संचालन और सुरक्षा मानकों की विशेष जांच अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *