देरी से खाना बनाना सौतेली मां को पड़ा भारी, बेटे ने हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतारा

Written by

in

संभलः युवक द्वारा अपनी सौतेली मां के सिर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर हत्या करने का मामला सामने आया है। वह खाना देर से मिलने से नाराज था। चीखने की आवाज सुनकर जब पिता किचन में पहुंचे तो महिला जमीन पर पड़ी तड़प रही थी। चारों ओर खून बिखरा पड़ा था। पास ही हथौड़ा पड़ा हुआ था। अस्पताल ले जाने के पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी मुताबिक, बहजोई थाना क्षेत्र के इस्लामनगर रोड स्थित नई बस्ती (दुर्गा कॉलोनी) में मुरादी अपनी दूसरी पत्नी शमीम बानो के साथ रहते हैं। मुरादी की पहली पत्नी के बच्चे भी उनके साथ रहते हैं। घर में दूसरी पत्नी शमीम बानो को लेकर आए दिन झगड़ा होता रहता है।
मुरादी के अनुसार, शनिवार शाम 8 बजे छोटा बेटा आतिफ उर्फ आदिफ (20) ड्यूटी से घर आया। उसने दो बार खाना मांगा, पर काम में व्यस्त होने के कारण शमीम बानो ने नहीं सुना। रात करीब 9 बजे आतिफ चिल्लाते हुए किचन में गया और खाना मांगने लगा। इसी दौरान दोनों के बीच बहस हुई। आतिफ ने आवेश में आकर घर में पड़े हथौड़े से शमीम बानो के सिर पर वार कर दिया। ताबड़तोड़ वार से शमीम जमीन पर गिर पड़ी। सिर फटने से खून बहने लगा। चीख-पुकार सुनकर मुरीद किचेन में पहुंचे तो शमीम बानो का शव जमीन पर पड़ा देखा। मुरीद की सूचना पर रात करीब 12 बजे बहजोई थाना प्रभारी संत कुमार पुलिस फोर्स और फॉरेंसिक टीम लेकर मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने शमीम बानो के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने खून से सना हथौड़ा बरामद कर लिया है। मुरीद की तहरीर पर आतिफ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी संत कुमार ने बताया कि मृतका के पति की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *