Punjab News: AI वीडियो को लेकर SGPC ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश, देखें वीडियो

Written by

in

अमृतसरः आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक की मदद से वीडियो बनाकर श्री हरिमंदिर साहिब की मर्यादा को नुकसान पहुंचाने और सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंचाने वाली घटनाओं के बढ़ते मामलों को लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर ऐसी वीडियो सामने आने के बाद, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रंबधक कमेटी (एसजीपीसी) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित खातों और व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

एसजीपीसी के सचिव बलविंदर सिंह काहलवां ने कहा कि कुछ लोग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का दुरुपयोग कर झूठी और अभद्र वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतें सिख समुदाय की धार्मिक भावना को गहरा आघात पहुंचाती हैं, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि एसजीपीसी ने मामले को बहुत गंभीरता से लिया है और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए AI क्षेत्र के विशेषज्ञों से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुरुपयोग से बचा जा सके।

उन्होंने कहा कि श्री हरिमंदिर साहिब सिख समुदाय का केंद्रीय धार्मिक स्थल है, जहां पूरे मानवता को एकता, शांति और भाईचारे का संदेश मिलता है। बलविंदर सिंह काहलवां ने सरकार से अनुरोध किया कि इन मामलों को गंभीरता से लिया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक स्थल की मर्यादा के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके। उन्होंने साथ ही सिख समुदाय से भी अपील की कि यदि किसी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर ऐसी कोई वीडियो सामने आए, जो सिख धर्म या श्री हरिमंदिर साहिब की मर्यादा का अपमान करती हो, तो उसे आगे सांझा करने से परहेज करें और तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *