महाविद्यालय बंगाणा और राजकीय पाठशाला पीपलू के बीच समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेई राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय बंगाणा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पीपलू के बीच आज एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर ने बताया कि इस समझौता ज्ञापन का मुख्य उद्देश्य दोनों संस्थाओं के बीच शिक्षा, विकास और शोध के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना है।

समझौते के तहत विद्यालय विकास की योजना बनाई जाएगी, संकाय और ढांचागत साधनों को साझा किया जाएगा, और सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, कौशल आधारित प्रमाणन पाठ्यक्रमों का संचालन, विद्यार्थियों को कैरियर परामर्श एवं मार्गदर्शन, सहयोगात्मक कार्यशालाएँ और प्रशिक्षण आयोजित करना, तथा विभिन्न परियोजनाओं में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संलग्न करना भी इस समझौते का हिस्सा होगा।

महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर ने इस अवसर पर कहा, “यह समझौता दोनों संस्थाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है जो छात्रों के लिए नए अवसरों और दिशा को खोलता है। यह साझेदारी विद्यार्थियों की शिक्षा को और अधिक प्रभावशाली और व्यावहारिक बनाएगी।” राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पीपलू के प्रधानाचार्य मदन लाल धीमान ने इस पहल का स्वागत किया और कहा कि यह समझौता दोनों संस्थाओं के विद्यार्थियों के लिए न केवल अकादमिक दृष्टिकोण से, बल्कि करियर निर्माण और व्यक्तिगत विकास के लिहाज से भी लाभकारी साबित होगा।

इस अवसर पर महाविद्यालय और स्कूल के वरिष्ठ शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। महाविद्यालय की ओर से प्रोफेसर सिकंदर नेगी, डॉ. विनोद कुमार, प्रोफेसर कृष्ण चंद, प्रोफेसर अरविंद रतन और प्रोफेसर कमलेश, जबकि स्कूल की ओर से लेक्चरर अनिल डोगरा, लेक्चरर विनीत कुमार, विजय कुमार, दिनेश कुमार और राजेश कुमार समेत अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। इस समझौते से दोनों संस्थाओं के बीच शिक्षा क्षेत्र में एक नया अध्याय प्रारंभ होगा, जो छात्रों के सर्वांगीण विकास और भविष्य को उज्जवल बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *