Charging Mobile के पास पड़ी पेट्रोल की Bottle में ब्लास्ट, गंभीर रूप से झुलसा युवक

Written by

in

अलवरः जिले के नौगावा कस्बे में चार्जिंग मोबाइल के बगल में पेट्रोल की बोतल रखने से विस्फोट का मामला सामने आया है। बगल में खाना खा रहा युवक घटना में गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के समय युवक मोबाइल भी चला रहा था। प्रारंभिक तौर पर यही पता चला है कि चार्जिंग मोबाइल के पास पेट्रोल की बोतल रखी थी। चार्जिंग की स्पार्किंग से पेट्रोल की बोतल में विस्फोट हो गया। उस आग में युवक 60 प्रतिशत झुलस गया, जिसका गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी मुताबिक, नौगावा निवासी पंकज जाटव (22) गांव में कपड़े की दुकान करता है। शनिवार रात करीब 9 बजे अपने घर पर खाना खाते समय मोबाइल फोन चला रहा था। बगल में मोबाइल चार्जिंग में लगा था और पेट्रोल की बोतल भी रखी थी। तभी अचानक पेट्रोल की बोतल में विस्फोट के साथ आग लग गई, जिससे युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे रात को ही अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज जारी है।

घायल युवक की मां ने बताया कि बेटा उसकी दादी के पास रहता है। रात को खाना खाते समय मोबाइल भी चार्जिंग में लग रहा था। उसके दोस्त के कहने पर वह पेट्रोल की बोतल लेकर आया था। दोस्त को पेट्रोल देना था। उसके आने से पहले बोतल को कमरे में चार्जिंग के आसपास ही रख दिया। फिर वह खाना खाने लग गया। इस बीच फोन भी देख रहा था। तभी अचानक पेट्रोल की बोतल में धमाका हुआ और आग से 60 प्रतिशत से अधिक शरीर झुलस गया। उसे तुरंत अलवर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां इलाज जारी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *