मंदिर में Bouncers की गुंडागर्दी, श्रद्धालुओं को बुरी तरह पीटा, महिला और बुजुर्गों से भी धक्का-मुक्की के आरोप

Written by

in

हिसारः जिले के बरवाला में शर्मनाक मामला सामने आया है जहां, मंदिर में बाउंसरों ने श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की। महिला और बुजुर्गों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। लोगों ने हंगामा किया तो पुलिसकर्मियों ने लाठी फटकारनी शुरू कर दी। वहीं मौके पर घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें बाउंसर श्रद्धालुओं को खींचकर बाहर करते दिख रहे हैं। एक युवक महिला श्रद्धालु को धक्का देकर बाहर कर देता है। इस धक्का-मुक्की में कई श्रद्धालुओं को हल्की चोटें भी लगी। उधर, मंदिर प्रशासन का कहना है कि वीडियो मंदिर गेट के पास का है। उस समय कुछ युवक अंदर घुस आए थे, जिसके बाद हंगामा हुआ।

बनभौरी माता मंदिर कमेटी के प्रमुख सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि सामने आई वीडियो 23 मार्च की है। रात करीब 12 बजे अचानक भीड़ बढ़ गई थी। उन्होंने मंदिर के अंदर व्यवस्था बनाने के लिए पर्सनल सिक्योरिटी रखी हुई है, जो गेट व अंदर रहती है। जींद की कमांडो फोर्स भी मंदिर की सुरक्षा करती है। सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि उस दिन कुछ युवक बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास करने लगे। बाउंसरों ने व्यवस्था बनाने के लिए उन्हें हटाने का प्रयास किया, जिससे श्रद्धालु परेशान न हो, लेकिन युवक हंगामा करने लगे। हम नवरात्र पर 50 से 60 बाउंसर हर मेले पर रखते हैं। बाहर सुरक्षा का जिम्मा पुलिस का रहता है। जब यह घटना हुई, उस समय वहां पुलिस भी मौजूद थी। पुलिसकर्मियों ने भी उन्हें दूर करने का प्रयास किया।

मामले में बीडीपीओ बरवाला रोशन लाल का कहना है कि मंदिर की आंतरिक सुरक्षा का जिम्मा कमेटी को दिया हुआ है। पहले सुरक्षा हरियाणा सरकार संभालती थी, लेकिन अब मंदिर कमेटी ही ये जिम्मेदीर संभालती है। वीडियो को लेकर अभी कोई शिकायत नहीं आई है। वहीं बरवाला डीएसपी सुमित कुमार का कहना है कि अभी मामला संज्ञान में नहीं है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *