जिला में आपदा जागरूकता दिवस पर नागरिक एकजुटता रैली आयोजित

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और मेरा युवा भारत ऊना के संयुक्त तत्वावधान में आज(शनिवार) को आपदा जागरूकता दिवस के उपलक्ष्य पर एक नागरिक एकजुटता रैली का आयोजन किया गया। यह नागरिक एकजुटता रैली अंतरराज्यीय बस अड्डा ऊना से उपायुक्त कार्यालय से होेते हुए नगर निगम पार्क ऊना तक निकाली गई। रैली का मुख्य उद्देश्य जिले में भूकंप के प्रति जागरूकता फैलाना और लोगों को आपदा बचाव के उपायों बारे शिक्षित करना था। रैली में स्थानीय युवक मंडल स्वयंसेवक, महिला मंडल, राष्ट्रीय सेवा योजना, आपदा मित्रों सहित लगभग 50 स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, ऊना से प्रशिक्षण समन्वयक राजन शर्मा ने बताया कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य जिला में भूकंप के प्रति लोगों को जागरुक एवं बचाव के संबंध में शिक्षित करना था। इसके साथ ही जिला भर से समस्त सरकारी एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालय एवं तकनीकी शिक्षण संस्थानों में भी रुको-झुको व ढको के संबंध में निकासी अभ्यास ड्रिल आयोजित किए गए तथा विभिन्न स्तर पर अनेकों कार्यक्रम व जागरूकता रैलियां निकाली गई। उन्होंने बताया कि आपदा जागरूकता दिवस के उपलक्ष्य में रैली का आयोजन लोगों में आपदा से निपटने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत बनाने के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि लोगों को भूकंप से बचाव हेतु जागरूक करना आवश्यक है ताकि भविष्य में यदि भूकंप जैसी स्थिति उत्पन्न होती है तो जान और माल के नुकसान को बहुत कम किया जा सके। उन्होंने भविष्य में अपने भवनों को सुरक्षित निर्माण पद्धति के अनुसार व भूकंप रोधी बनाने पर बल दिया। इस दौरान आपदा जागरूकता प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया तथा विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आई.एस.बी.टी. ऊना के प्रबंधक, प्रवेश शर्मा, जिला युवा अधिकारी ऊना प्रदीप कुमार, प्रशिक्षण समन्वयक, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, ऊना राजन शर्मा, मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक अंकुश कौशल सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *