अचानक आए तूफान में उखड़ा पेड़, सड़क से गुजर रहे राहगीर की की मौत, देखें CCTV

Written by

in

जौनपुरः जनपद में देर रात आई भीषण आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचा दी। दरअसल, रात 8 बजे अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला। इस दौरान कुदरती कहर के कारण जगह-जगह पेड़ धराशायी हो गए और टीनशेड उड़ गए। वहीं मुंगराबादशाहपुर के पकड़ी गोदाम स्थित मछलीशहर मार्ग पर एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां पेड़ की चपेट में आने से साईकिल सवार की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला पकड़ी गोदाम निवासी मनोज गौतम का 17 वर्षीय पुत्र मनीष गौतम उर्फ भंडारी रात लगभग 9 बजे किसी जरूरी काम से साइकिल से घर लौट रहा था।
 
View this post on Instagram
 

A post shared by Encounter News (@encounter.news)

तभी मछलीशहर रोड पर सड़क किनारे खड़ा एक पुराना पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर उसके ऊपर गिर गया। मनीष पेड़ के भारी-भरकम तने के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि अचानक तेज आंधी आने से बाइक सवार बाइक को सड़क किनारें खड़ा करके साइड पर रूक जाता है। इस दौरान साईकिल पर सवार होकर आ रहे व्यक्ति पर अचानक पेड़ टूटकर गिर जाता है। हादसे में साईकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ हटाकर मनीष को बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने बताया कि आंधी के दौरान पेड़ गिरने की चपेट में आने से युवक की मृत्यु हुई है, पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *