राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में सम्मान समारोह का आयोजन

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय, बंगाणा में आज एक गरिमामय एवं भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के संस्कृत विभाग के प्रोफेसर डॉ. विनोद कुमार को एनसीसी के अंतर्गत लेफ्टिनेंट बनने पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूरे महाविद्यालय परिसर में हर्ष, गर्व एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर रेखा शर्मा ने लेफ्टिनेंट डॉ. विनोद कुमार को पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डॉ. विनोद कुमार की यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे जिले एवं प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और यह दर्शाती है कि दृढ़ संकल्प एवं अनुशासन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि लेफ्टिनेंट डॉ. विनोद कुमार ने भारतीय सेना की ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA), कांपटी में तीन माह के कठोर सैन्य प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूर्ण कर यह प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल की है। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने उत्कृष्ट सैन्य दक्षता, नेतृत्व क्षमता एवं अनुशासन का परिचय देते हुए अपने व्यक्तित्व को और अधिक सशक्त बनाया। शिक्षा के क्षेत्र में भी डॉ. विनोद कुमार की विशिष्ट पहचान रही है। वे विश्वविद्यालय स्तर पर गोल्ड मेडलिस्ट रह चुके हैं तथा JRF, NET एवं SET जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने शिक्षा एवं एनसीसी के बीच उत्कृष्ट संतुलन स्थापित कर विद्यार्थियों के समक्ष एक आदर्श प्रस्तुत किया है। इस अवसर पर डॉ. विनोद कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरुजनों को देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य युवाओं को देश सेवा, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे भी अपने जीवन में अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा को अपनाएं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के उपप्राचार्य प्रोफेसर अणु लखनपाल सहित समस्त प्राध्यापक वर्ग एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने लेफ्टिनेंट डॉ. विनोद कुमार की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *