Girlfriend और उसके 3 साल के बेटे की हत्या, विवाद के बाद कुल्हाड़ी से काटा, गिरफ्तार

Written by

in

झांसीः जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां, अपनी ही गर्लफ्रेंड और उसके 3 साल के बेटे की उसके प्रेमी ने हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को बीती रात एनकाउंटर में गिरफ्तार किया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के मुताबिक, उसने दोनों की हत्या की बात कबूल कर ली है।

मृतक युवती और उसका बच्चा।
मृतक युवती और उसका बच्चा।

जानकारी मुताबिक, 40 साल के आरोपी चतुर्भुज पटेल उर्फ दीपक ने 2 अप्रैल की रात लिव-इन में रहने वाली नीलू देवी (30) और उसके बेटे कृष्णा को कुल्हाड़ी से काट डाला था। पुलिस के मुताबिक, नीलू अपने पति के पास गुरुग्राम में जाने की जिद कर रही थी। इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने 2 दिन शवों को घर में रखा। 4 अप्रैल की रात मौका पाकर महिला के शव को घर से 600 मीटर दूर सड़क किनारे फेंक दिया, जबकि बच्चे के शव थोड़ी दूर खेत में भूसे के ढेर में छिपा दिया। अगले दिन सुबह यानी 5 अप्रैल को महिला की लाश मिली, लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई।

इससे डरकर आरोपी ने 7 अप्रैल की रात भूसे के ढेर में आग लगाकर बच्चे का शव जला दिया। 8 अप्रैल की सुबह बच्चे के शव के जले हुए अवशेष मिले। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। गांव में पता चला कि दीपक नाम का शख्स महिला और एक बच्चे को लेकर आया था। तीनों लापता हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने दोनों हत्याएं कबूल कर ली है। पूरा मामला लहचूरा थाना क्षेत्र के बरौटा गांव का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक लहचूरा के बरौटा गांव का रहने वाला है। वह झांसी में रहकर ब्लिंकिट में काम करता था। उसका भाई संजीव ग्राम प्रधान रह चुका है। दीपक की पहली पत्नी नेहा की मौत हो गई थी। इसके बाद दीपक ने 2015 में टहरौली गांव की रहने वाली हेमलता से शादी कर ली। हेमलता से उसे एक बेटा है। शादी के कुछ समय बाद दोनों में विवाद होने लगा। हेमलता उसे छोड़कर दिल्ली जाकर रहने लगी। दीपक यहां अकेले रहता था। गांव का एक युवक गुरुग्राम में गार्ड है। दीपक भी उसके यहां गुरुग्राम में आता जाता था।

इसी दौरान, उसके जरिए दीपक की पहचान गुरुग्राम में रह रही नीलू देवी से हो गई। युवक जिस फैक्ट्री में गार्ड था, वहीं नीलू भी नौकरी करती थी। इस वजह से नीलू और दीपक के बीच करीब 6 महीने पहले दोस्ती हुई। कुछ समय बाद दोनों में अफेयर शुरू हो गया। करीब 5 महीने पहले दीपक गुरुग्राम में जाकर नीलू के साथ रहने लगा था। नीलू भी दीपक के गांव वाले घर पर आने जाने लगी थी। पुलिस के मुताबिक, दीपक गुस्सैल और सनकी स्वभाव का है। नीलू अपने पति के पास जाना चाहती थी, लेकिन दीपक उसे मना कर रहा था। 2 अप्रैल की रात को नीलू ने कहा कि सुबह वह पति के पास चली जाएगी। जिद करने पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर दीपक ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ नीलू के सिर पर कई वार कर डाले और उसके बच्चे को भी मौत के घाट उतार दिया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *