चलते Harvester में आग लगने से मशीन जलकर खाक, चालक ने कूदकर बचाई जान, देखें वीडियो

Written by

in

जालौनः कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रूरा मल्लू में गेहूं की कटाई के दौरान एक चलती हार्वेस्टर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे खेत में मौजूद किसानों और मजदूरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना किसान रोहित सेंगर के खेत की है, जहां गेहूं की कटाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक हार्वेस्टर से धुआं उठने लगा और कुछ ही क्षणों में मशीन आग की लपटों में घिर गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए हार्वेस्टर चालक सौरभ परिहार ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत मशीन से कूदकर अपनी जान बचाई।
 
View this post on Instagram
 

A post shared by Encounter News (@encounter.news)

हादसे में करीब 10 बीघा खेत की फसल नष्ट हो गई। हालांकि ग्रामीणों और दमकल टीम की तत्परता से आसपास के खेतों में खड़ी फसल को बचा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी हार्वेस्टर जलकर खाक हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग पर काबू पाना मुश्किल हो चुका था और भारी नुकसान हो गया। इस घटना ने क्षेत्र के किसानों में भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। पीड़ित ने बताया कि हार्वेस्टर की टंकी में भरा पूरा गेहूं भी आग में जल गया। ओलावृष्टि के बाद जो करीब 8-10 क्विंटल गेहूं बचा था, वह भी पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।गौरतलब है कि इन दिनों किसान पहले ही ओलावृष्टि, तेज आंधी-बारिश और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में हार्वेस्टर में आग लगने की इस घटना ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सूचना मिलने पर प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लगातार संकट झेल रहे किसानों को राहत कब मिलेगी, यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *