Punjab News: सस्ते लोन का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करते 10 गिरफ्तार, देखें वीडियो

Written by

in

जीरकपुरः जिला एसएएस नगर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह विदेशों में बैठे लोगों को कम ब्याज दर पर लोन देने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस कप्तान हरमनदीप सिंह हांस (आईपीएस) के निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई के तहत थाना जीरकपुर पुलिस ने मुकदमा नंबर 185 दिनांक 18-04-2026 के तहत आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में मेलविन ठोकर (गुजरात), अनिरुद्ध पनिहिया (हिमाचल प्रदेश), अनंत देव कौशिक, पवन पांडयेवर (अहमदाबाद), सोनू दियाली, मिलन सुनवार, आसिक दर्जी, अर्जुन क्षेत्री (पश्चिम बंगाल), प्रशांत ओमप्रकाश जायसवाल तथा पलविंदर सिंह (लालड़ू) शामिल हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने सरगना मेलविन ठोकर के निर्देशों पर काम करते थे और विदेशों में बैठे लोगों से ऑनलाइन कॉलिंग के जरिए संपर्क कर उन्हें कम ब्याज पर लोन देने का लालच देते थे। इसके बदले वे डॉलर आदि की मांग कर ठगी को अंजाम देते थे। आरोपियों के पास लोन देने की कोई वैध अनुमति नहीं थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 लैपटॉप और 12 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से भारत में बैठकर विदेशी नागरिकों को निशाना बना रहा था। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की उम्मीद है।

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *