शादी समारोह में जमकर चले बेल्ट-डंडे और लात-घूंसे, देखें वीडियो

Written by

in

जालौनः कोतवाली नगर क्षेत्र में शादी समारोह में 2 पक्षों में भारी हंगामा हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मिली जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों में बेल्ट-डंडों से हमला किया गया और लात-घूंसे बरसाए गए। बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी ने अचानक उग्र रूप धारण कर लिया। घटना मोहल्ला तोपखाना स्थित शिवानी गार्डन गेस्ट हाउस और पास के आंबेडकर स्कूल में चल रहे शादी समारोह की है, जहां बारात और वधू पक्ष के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बड़े बवाल में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी छोटी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में तब्दील हो गई।

हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और बेल्ट तथा डंडों से एक-दूसरे पर हमला करने लगे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और समारोह में मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब कुछ लोगों द्वारा असलाहों का प्रदर्शन भी किया गया। हथियारों के खुलेआम प्रदर्शन से माहौल में दहशत फैल गई और समारोह स्थल रणभूमि जैसा दृश्य प्रस्तुत करने लगा। इस दौरान कई लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। बवाल के दौरान गुस्साए लोगों ने वहां खड़ी गाड़ियों को भी निशाना बनाया। कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना देर रात तक चलती रही, जिससे पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना रहा।

इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह लोग एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को किसी तरह नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जालौन कोतवाली पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *