मातम में बदली शादी की खुशियां, टेंपो और ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर 2 की मौत, देखें वीडियो

Written by

in

बदायूंः जनपद के थाना मूसाझाग क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। भांजे को भात पहनाने उन्नाव से आ रहे मामा समेत 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, बदायूं-दातागंज मार्ग स्थित डीएस डिग्री कॉलेज गुलड़िया के पास बदायूं की ओर से दातागंज जा रहे टेंपो को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो सवार अवधेश (55 वर्ष) निवासी ग्राम पतारी, जिला उन्नाव और एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर टेंपो से जा टकराई। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। टेंपो में सवार यात्री विमल कुमार ने बताया कि वाहन में करीब 6 लोग सवार थे। हादसे के बाद अन्य यात्री अपने-अपने गंतव्य को चले गए। उन्होंने बताया कि टक्कर मारने के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक भी वाहन सहित भाग निकला। बताया जा रहा है कि अवधेश अपने भांजे विक्की निवासी बीरमपुर को भात पहनाने जा रहे थे। बुधवार को मंडप कार्यक्रम और बृहस्पतिवार को बारात जानी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की बहन सीमा रो-रोकर बेहाल है। शादी की खुशियां गम में बदल गई हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र तोमर ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है।      

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *