महिला की गर्दन काटकर हत्या, घर के कमरे में मिली लाश

Written by

in

मेरठः आज सुबह 26 साल की महिला की गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। लाश कमरे में बेड के बगल में फर्श पर पड़ी हुई थी। वारदात का पता सुबह 8 बजे उस वक्त चला, जब उसकी तीनों बच्चियां मकान मालिक के पास पहुंचीं। उन्होंने पापा से बात कराने को कहा, तो मकान मालिक ने फोन मिलाकर दे दिया। बच्चियां फोन लेकर दूसरी मंजिल पर चली गईं और बात करते-करते रोने लगीं। आवाज सुनकर मकान मालिक की पत्नी ऊपर गईं, जहां उन्होंने महिला की लाश देखी। थोड़ी देर बाद ही पति साकिब (30) भी पहुंच गया। पत्नी कौसर की लाश देखकर वह दिल पर हाथ रखकर फूट-फूटकर रोने लगा। घटना शहर के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की है। फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं।

जानकारी देते साकिब की बेटी ने बताया कि काले रंग के कपड़ों में एक चोर उनके कमरे में आया था। उसने अम्मी को पकड़ा और मारकर चला गया। उस वक्त उसकी दो बहनें सो रही थीं। अब्बू घर पर नहीं थे। वहीं लिसाड़ी थाना क्षेत्र के मजीद नगर गली नंबर-3 में इसरार उर्फ सोनू ने बताया कि उनके मकान की दूसरी मंजिल पर साकिब किराए पर रहता है। उसकी पत्नी कौसर गाजियाबाद के लोनी की रहने वाली थी। दोनों की शादी को 7 साल हो चुके थे। उनकी तीन बेटियां हैं- सानिया (6), कुलसुमिनार (4) और इनाया (डेढ़ साल)। सुबह 8 बजे साकिब के बच्चे नीचे उनके पास आए और उनकी पत्नी से कहा कि अब्बू को कॉल करा दो। पत्नी ने मुझसे कहा कि साकिब को कॉल कर दो। तब हमने साकिब को कॉल मिलाकर मोबाइल बच्चों को दे दिया। बच्चे मोबाइल लेकर ऊपर चले गए। साकिब से बात करते हुए बच्चे अचानक जोर-जोर से रोने लगे। तब मैंने अपनी पत्नी से कहा कि ऊपर जाकर देखो, बच्चे क्यों रो रहे हैं। जब मेरी पत्नी ऊपर बच्चों को देखने गईं, तो थोड़ी देर बाद उनकी चीखने की आवाज आई। मैं भी ऊपर गया।

देखा तो कौसर की लाश बेड के नीचे पड़ी थी। तब मैंने पुलिस और पड़ोसियों को बुलाया। साकिब को भी फोन किया। थोड़ी देर में साकिब और पुलिस पहुंच गई। उन्होंने कहा कि यह सब कैसे हुआ, किसने किया, उन्हें कुछ नहीं पता, क्योंकि वे नीचे अपने मकान में सो रहे थे और उन्होंने कोई आवाज नहीं सुनी। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *