OYO में Unmarried कपल की ‘नो-एंट्री’… कंपनी ने बदला नियम!

Written by

in

नई दिल्लीः OYO की मदद से भारत के किसी भी शहर में सस्ता होटल ढूंढ़ना और वहां रहना आसान हुआ है। लेकिन कंपनी ने नए साल 2025 में अपने नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए अनमैरिड कपल्स या अविवाहित जोड़ों की एंट्री को बैन करने का फैसला किया है। अब तक ओयो में कपल्स को आसानी से रूम मिल जाता था, लेकिन कंपनी ने अब इस पर रोक लगा दी है। ये बदलाव उत्तर प्रदेश की मेरठ सिटी से लागू किया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि OYO ने एक बड़ा ऐलान किया है, अब उससे जुड़े होटल्स में उन कपल्स की एंट्री पर रोक लगाने का फैसला किया है जो अविवाहित हैं। मतलब अगर किसी जोड़े को ओयो होटल का रूम बुक कराना है, तो उसे अपनी शादी का सबूत या रिश्ते का प्रमाण पेश करना होगा। ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी प्लेटफॉर्म ओयो द्वारा लाया गया अविवाहित जोड़ों के चेक-इन पर बैन का नया रूल इसी साल लागू होगा। इसकी शुरुआत मेरठ से हो रही है और शहर में ओयो से कनेक्टेड होटलों को ये नियम तुरंत लागू करने का निर्देश दिया गया है।

OYO की अपडेटेड गाइडलाइंस में साफ कहा गया है कि ऑनलाइन बुकिंग करने वालों सहित सभी जोड़ों को अब चेक-इन के समय अपने रिश्ते का वैध प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। इसके साथ ही रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से ये भी कहा गया है कि कंपनी द्वारा मेरठ में इस नियम को लागू करने के बाद इसके फीडबैक और प्रभावशीलता के आधार पर इसे अन्य शहरों में भी विस्तारित किया जा सकता है।

रिपोर्ट्स की मानें तो कुछ स्थानीय लोगों और सिविल सोसाइटी ग्रुप्स की ओर से कंपनी से संपर्क किया गया था, खासतौर पर मेरठ समेत कुछ अन्य शहरों में, उनकी ओर से अविवाहित कपल्स को होटल में रूम न देने की अपील की गई थी। इसे लेकर कंपनी ने अपनी गाइडलाइंस में ये बड़ा बदलाव किया है। कंपनी का ये कदम ग्राहकों को लंबे समय तक ठहरने और दोबारा बुकिंग के लिए प्रोत्साहित करने और उनमें भरोसा बढ़ाने में भी मददगार हो सकता है।

ओयो की वेबसाइट से मिली जानकारी के मुताबिक, कंपनी का बिजनेस भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी फैला हुआ है। करीब 30 से ज्यादा देशों में होटल्स और होम स्टे सर्विस मुहैया कराती है और इसके नेटवर्क में 1.50 लाख से ज्यादा होटल हैं। कंपनी की सेवाएं इंडोनेशिया, मलेशिया, डेनमार्क, अमेरिका (US), ब्रिटेन (UK), नीदरलैंड्स, जापान, मेक्सिको, ब्राजील जैसे देशों में मौजूद हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *