Haryana News: स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

Written by

in

पंचकूलाः पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 ने चेन स्नैचिंग की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और इसी वर्ष अप्रैल माह में जमानत पर बाहर आने के बाद दोबारा स्नैचिंग जैसी वारदातों को अंजाम देने लगे थे।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 12 मई को पिंजौर वासी महिला ने थाना में दी शिकायत में बताया था कि वह अपने पति के साथ पिंजौर क्षेत्र में शाम के समय सैर कर रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने पीछे से आकर उनकी गर्दन से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना पिंजौर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

क्राइम ब्रांच सैक्टर-19 की टीम ने इन्चार्ज मुकेश सैनी के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर 20 मई 2026 को सुखोमाजरी पिंजौर पुल के नीचे से दो आरोपियों अशोक कुमार निवासी भैंसा टिब्बा, एमडीसी पंचकूला तथा नितिन उर्फ मोनू निवासी गांव टिपरा, कालका को काबू किया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई यामाहा मोटरसाइकिल भी बरामद की।

एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार अब तक की जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पिछले कुछ समय से कालका और पिंजौर क्षेत्र में स्नैचिंग की कई वारदातों और प्रयासों में शामिल रहे हैं। आरोपियों ने मई माह में 4 बार स्नैचिंग या स्नैचिंग के प्रयास किए थे, जिनमें इस मामलें वे सफल भी रहे। पुलिस इनसे शहर पंचकूला व आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य स्नैचिंग घटनाओं के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है।

आरोपी नितिन उर्फ मोनू का आपराधिक रिकॉर्ड भी गंभीर पाया गया है। उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, वाहन चोरी, हत्या के प्रयास और स्नैचिंग जैसे संगीन मामलों में केस दर्ज हैं। वहीं आरोपी अशोक कुमार के खिलाफ लूट का मामला दर्ज है तथा वह हाईवे लूटकांड मामलें में शामिल रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपी अप्रैल माह में जमानत पर जेल से बाहर आए थे और इसके बाद फिर से अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गए।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस स्नैच की गई सोने की चेन, वारदात से जुड़े अन्य सबूत, नकदी की बरामदगी तथा अन्य संभावित आपराधिक मामलों के खुलासे को लेकर पूछताछ करेगी।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *