आम जनता पर फिर पड़ी मंहगाई मार, पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े 10 दिन में चौथी बार

Written by

in

चंडीगढ़ः वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की ऊंची कीमतों और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने सोमवार को एक बार फिर पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है जब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हैं। लंबे अंतराल के बाद हाल में 15 मई को पहली बार तेल की कीमतों में वृद्धि हुई थी। तब से लेकर अब तक पेट्रोल 7.35 रुपये और डीजल 7.82 रुपये प्रति लीटर महंगे हो चुके हैं। इनकी कीमतों में अभी और वृद्धि हो सकती है।

पंजाब और चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर इजाफा हुआ है। पेट्रोल के दाम में 2.60 रुपए और डीजल में 2.70 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। चंडीगढ़ में पहली बार पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार चला गया है। यहां 2.5 रुपए बढ़ने के बाद पेट्रोल अब 101.53 रुपए प्रति लीटर और 2.53 रुपए बढ़ने के बाद डीजल 89.63 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं, पंजाब में पेट्रोल अब 105.44 रुपए और डीजल 95.38 रुपए प्रति लीटर हो गया है। मोहाली में पेट्रोल का रेट सबसे ज्यादा 105.99 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है।

इससे पहले 15 मई, 19 मई और 23 मई को भी दाम बढ़ाए गए थे। बीते 10 दिनों में पंजाब में पेट्रोल के दामों में कुल 7.25 रुपए प्रति लीटर और डीजल के दामों में कुल 7.55 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। तेल अधिकारियों का कहना है कि इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की आसमान छूती कीमतें और रुपये के अवमूल्यन के कारण बढ़ी हुई आयात लागत है। ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC) और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के अधिकारियों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में लगातार अस्थिरता और अंडर-रिकवरी (लागत से कम पर बिक्री) ने तेल खुदरा विक्रेताओं पर भारी दबाव बना दिया है।

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *