कुटलैहड़ के धनेत जिला पार्षद वार्ड में भाजपा के पक्ष में माहौल, जनता दे रही वीना देवी को समर्थन 

Written by

in

ऊना/सुशील पंडित : कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के जिला पार्षद वार्ड धनेत में पंचायती राज चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा समर्थित जिला पार्षद उम्मीदवार वीना देवी के समर्थन में आयोजित नुक्कड़ सभाओं में कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। पंचायत क्यारियां, हरोट और तलाई में आयोजित जनसभाओं के दौरान उन्होंने कहा कि धनेत जिला पार्षद वार्ड की जनता अब पूरी तरह भाजपा के साथ खड़ी दिखाई दे रही है और इस बार चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को भारी समर्थन मिलने जा रहा है। भुट्टो ने कहा कि जनता अब विकास और ईमानदार नेतृत्व चाहती है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर विश्वास जताते हुए भाजपा को मजबूत करने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास अब जनता के बीच जाने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है, जिसके कारण वह केवल दुष्प्रचार का सहारा ले रही है। इस मौके पर कृष्ण पाल शर्मा,राजेंद्र मलांगड़ प्रत्याशी वीना देवी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद रहे।
पूर्व विधायक ने अपने संबोधन में कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग बंद कमरों में बैठकर केवल अफवाहें फैलाने और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन धनेत जिला पार्षद वार्ड की जनता पूरी तरह जागरूक और समझदार है।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर भाजपा के पक्ष में मजबूत माहौल बना हुआ है और लोग विकास कार्यों को देखकर भाजपा को समर्थन देने का मन बना चुके हैं। भुट्टो ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पंचायती राज चुनावों में धीरे-धीरे गायब होती नजर आ रही है, क्योंकि जनता ने उनके कार्यकाल और वर्तमान राजनीति को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा गांव, गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं के हितों की बात करती आई है, जबकि कांग्रेस केवल चुनावों के समय लोगों के बीच दिखाई देती है। भुट्टो ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ आज गांव-गांव तक पहुंच रहा है और इसी कारण जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के साथ मजबूती से खड़ी है।
नुक्कड़ सभाओं के दौरान भाजपा समर्थित जिला पार्षद उम्मीदवार वीना देवी के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि वीना देवी एक सरल, मेहनती और जनसेवा के लिए समर्पित उम्मीदवार हैं,जो क्षेत्र की समस्याओं को अच्छी तरह समझती हैं। उन्होंने कहा कि धनेत जिला पार्षद वार्ड के विकास के लिए एक मजबूत और सक्रिय प्रतिनिधि की आवश्यकता है और वीना देवी इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाने में सक्षम हैं। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि आने वाले चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवार वीना देवी को भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *