Punjab News : 14,000 की रिश्वत लेते ASI विजिलेंस ब्यूरो ने किया गिरफ्तार

Written by

in

चंडीगढ़ : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस थाना डिवीजन संख्या-8, लुधियाना में तैनात एएसआई हरदीप सिंह को 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ काबू किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गोपाल नगर, हैबोवाल कलां, लुधियाना निवासी एक व्यक्ति द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी लगभग 22 वर्षीय पुत्री, जिसने सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) लुधियाना से सिलाई का पाठ्यक्रम उत्तीर्ण किया था, अपना परिणाम लेने के लिए सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान घुमार मंडी गई थी, लेकिन वह शाम तक घर वापस नहीं लौटी। शिकायतकर्ता ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन बेटी नहीं मिली।

जिसके बाद शिकायतकर्ता ने बेटी के लापता होने संबंधी रिपोर्ट पुलिस थाना डिवीजन 8 में ड्यूटी अफसर हरदीप सिंह के पास दर्ज कराई। आरोपी ASI ने शिकायतकर्ता को थाने बुलाया और कार्रवाई करने के लिए 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। मौके पर 6,000 पेशगी और बाकि की रकम बाद में देने की सहमति बनी।

रिश्वत देने के लिए तैयार न होने पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज लुधियाना से संपर्क किया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया, जिसके दौरान आरोपी ASI को दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में शिकायतकर्ता से 14 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत विजिलेंस ब्यूरो के लुधियाना पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *