पांच मतगणना केंद्रों पर 31 मई को सुबह 9 बजे से होगी मतगणना

Written by

in

ऊना सुशील पंडित : ऊना जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों के तहत 17 जिला परिषद वार्डों तथा 107 पंचायत समिति सदस्यों के मतों की गणना 31 मई को प्रातः 9 बजे से पांच मतगणना केंद्रों पर की जाएगी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जतिन लाल ने बताया कि मतगणना प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं तथा सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि ऊना उपमण्डल की 24 पंचायत समितियों एवं 4 जिला परिषद वार्डों की मतगणना राजकीय महाविद्यालय ऊना में होगी। इसी प्रकार अम्ब उपमण्डल की 22 पंचायत समितियों एवं 3 जिला परिषद वार्डों की मतगणना राजकीय महाविद्यालय अम्ब, बंगाणा उपमण्डल की 19 पंचायत समितियों एवं 3 जिला परिषद वार्डों की मतगणना अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा, हरोली उपमण्डल की 24 पंचायत समितियों एवं 4 जिला परिषद वार्डों की मतगणना राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली तथा गगरेट उपमण्डल की 20 पंचायत समितियों एवं 3 जिला परिषद वार्डों की मतगणना बहुतकनीकी संस्थान अम्बोटा में की जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि पंचायत समिति के दो सदस्य पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतगणना केंद्र पर मतगणना कार्य को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए पर्याप्त संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतगणना टेबल पर तीन सदस्यीय दल नियुक्त रहेगा, जिसमें एक पर्यवेक्षक तथा दो सहायक कर्मचारी शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त रिजर्व पार्टियों की भी व्यवस्था की गई है। ऊना में 28 टेबलों पर 34 पार्टियां, अम्ब में 15 टेबलों पर 19 पार्टियां, गगरेट में 20 टेबलों पर 23 पार्टियां, हरोली में 12 टेबलों पर 15 पार्टियां तथा बंगाणा में 18 टेबलों पर 21 पार्टियां मतगणना कार्य के लिए तैनात की गई हैं। जतिन लाल ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
   

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *