शहीदों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता

चण्डीगढ़ : केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय तथा  संस्कृति राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने रविवार को रेवाड़ी जिला के गांव खण्डोडा में अमर शहीद अरुण कुमार यादव की प्रतिमा का अनावरण किया। शहीद अरुण कुमार यादव सिक्किम में डयूटी के दौरान आई प्राकृतिक आपदा में आमजन और अपने साथियों को बचाने के प्रयास में अपने शौर्य और वीरता का परिचय देते हुए 4 अक्तूबर,2023 को देश सेवा करते हुए शहीद हो गए। इस अवसर पर विशेष रूप से बावल के विधायक  डॉ. कृष्ण कुमार  , कोसली के विधायक अनिल यादव व भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना पोपली विशेष रूप से मौजूद रही। केंद्रीय मंत्री ने गांवों के विकास के लिए 21 लाख रुपए देने की घोषणा भी की।

राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि शहीद अरुण कुमार यादव ने राष्ट्र की सेवा में अपना सर्वस्व समर्पित कर युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनको अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए सेना द्वारा 8 मेडल भी प्रदान किए गए जो इनके अदम्य साहस को दर्शाते है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल के तहत लेबनान देश में एक साल साहस और वीरता के साथ अपनी सेवाएं भी दी। देशवासी उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखेंगे और आने वाली पीढिय़ां उनसे राष्ट्रभक्ति एवं कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा प्राप्त करती रहेंगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमेशा से ही दक्षिण हरियाणा के युवा सेना में भर्ती होकर देश की हिफाजत के लिए आगे रहे हैं। उन्होंने उन माताओं-बहनों की भी सराहना की जिन्होंने अपने बच्चों और भाइयों को सेना में भर्ती कर देश की सुरक्षा के लिए सीमा पर तैनात किया है।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने शहीद अरुण कुमार यादव की माता, पत्नी और बच्चों को भी विश्वास दिलाया कि सरकार उनके साथ हर कदम पर खड़ी है। समारोह के दौरान ग्रामीणों द्वारा राजकीय विद्यालय का नामकरण शहीद अरुण कुमार यादव के नाम पर करने, गांव के जोहड़ों को नहरी पानी से जोडऩे तथा अन्य विकासात्मक मांगों का ज्ञापन भी प्रस्तुत किया गया। केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विषयों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन  दिया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *