अचानक मौसम ने ली करवट, तेज आंधी-बारिश से दिन में छाया अंधेरा, देखें वीडियो

Written by

in

नई दिल्लीः दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर के समय आसमान पर घने बादल छा गए और कई इलाकों में ऐसा नजारा देखने को मिला मानो शाम हो गई हो। तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी और गरज-चमक की आशंका के बीच लोगों को मोबाइल पर मौसम विभाग की चेतावनी भी मिली, जिसमें अगले तीन घंटों के दौरान खराब मौसम की संभावना जताई गई है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को इस बदलाव से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह भी दी है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और 70 किमी प्रति घंटा या उससे अधिक रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में मौसम के बदले मिजाज का असर तापमान पर भी साफ दिखाई देगा। मौसम विभाग के अनुसार बारिश, बादलों और तेज हवाओं के चलते अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमन है। यह जून की गर्मी की तुलना में कम है और पिछले हफ्ते दर्ज किए गए 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के स्तर से करीब 5 से 7 डिग्री तक की राहत दे सकता है।

ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक शुक्रवार को भी दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादल छाए रहेंगे। दिनभर बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंके चल सकते हैं। पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार देर रात और शुक्रवार तड़के दिल्ली के कई हिस्सों में एक और दौर की बारिश देखने को मिल सकता है। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी रहेगी, जबकि कुछ इलाकों में बारिश का असर अधिक भी हो सकता है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *