बागपत: जिला पुलिस ने बड़ौत के चर्चित व्यापारी पिता-पुत्र का गोलियां मारकर कत्ल कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गैंगस्टर वरुण लुहारी के पिता बाबूराम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम बड़ौत में कन्फेक्शनरी व्यापारी सोहनलाल और उनके पुत्र विकास की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात का मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर वरुण लुहारी था, जिसकी घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।घटना के संबंध में मृतक व्यापारी पक्ष की ओर से बड़ौत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने मुकदमे में नामजद आरोपी बाबूराम को दबिश देकर हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
मामले को लेकर पुलिस अधिकारी का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच वर्ष 2015 से विवाद और रंजिश चली आ रही थी। इसी पुरानी अदावत ने मंगलवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पुलिस अब पूरे विवाद के इतिहास, पूर्व में दर्ज मुकदमों और दोनों पक्षों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां से पुलिस चौकी और प्रमुख सुरक्षा व्यवस्थाएं ज्यादा दूर नहीं हैं। इसके बावजूद बदमाशों ने खुलेआम वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार होने का प्रयास किया।
व्यापारी पिता-पुत्र की हत्या और मुख्य आरोपी वरुण लुहारी की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद बड़ौत में हालात अभी भी संवेदनशील बने हुए हैं। एहतियातन बाजारों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए निगरानी लगातार बढ़ाई गई है।

Leave a Reply