गगरेट में 2.59 ग्राम चिट्टे सहित दो युवक गिरफ्तार, पुलिस की नशा तस्करों पर कार्रवाई जारी

Written by

in

ऊना सुशील पंडित : मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश के “नशा मुक्त हिमाचल” अभियान के तहत जिला पुलिस ऊना द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस थाना गगरेट की टीम ने दो युवकों को 2.59 ग्राम हेरोइन (चिट्टे) सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य आरक्षी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गगरेट-होशियारपुर रोड पर फॉरेस्ट बैरियर के समीप गश्त पर थी। इस दौरान एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल की सीट के नीचे से 2.59 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

मामले में पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक आदित्य कुमार निवासी नरवाना, डाकघर योल कैंट, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा तथा उसके साथी चंदन घई निवासी टिका बणी, डाकघर योल कैंट, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। जिला पुलिस ऊना ने आम जनता से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *