पंजाबियों पर विवादित टिप्पणी को लेकर विवादों में घिरे BJP अध्यक्ष, आप पार्टी ने किया प्रदर्शन, देखें वीडियो

Written by

in

चंडीगढ़ः भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा की कथित टिप्पणी को लेकर मामला गरमा गया है। आज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-34 में भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करने के लिए निकले तो पुलिस फोर्स द्वारा उन्हें रोक लिया। इसके बाद आप कार्यकर्ताओं ने वहीं पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा का पुतला भी फूंका। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से जितेंद्र पाल मल्होत्रा एक कथित विवादित वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। वीडियो में उनके द्वारा पंजाबियों पर की गई एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इसके बाद से पंजाबी समुदाय और विभिन्न राजनीतिक दलों में लगातार रोष देखने को मिल रहा है।

कल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया था, जबकि आज आम आदमी पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-34 में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जितेंद्र पाल मल्होत्रा को अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उनका आरोप है कि इस बयान से पंजाबियों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। इस पूरे मामले को लेकर चंडीगढ़ की राजनीति गरमा गई है और विभिन्न राजनीतिक दल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान को लेकर लगातार विरोध दर्ज करा रहे हैं।

बता दें कि विवाद बढ़ने के बाद भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने बयान पर खेद जताते हुए कहा कि उनके वक्तव्य को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो करीब 17 दिन पहले आयोजित एक खेल प्रतियोगिता का है, जिसमें उन्होंने आत्ममंथन के संदर्भ में कुछ बातें कही थीं। मल्होत्रा का कहना है कि उनके बयान के एक हिस्से को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश किया गया, जिससे यह संदेश दिया गया कि उन्होंने पंजाबियों या ग्रामीण समाज के खिलाफ टिप्पणी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए वीडियो को अधूरा दिखाया जा रहा है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *