गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर और एम्बुलेंस में टक्कर, बड़ा हादसा टला

Written by

in

पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच हुआ समझौता
ऊना, सुशील पंडित:  नेशनल हाईवे देहलां पर शुक्रवार सुबह एक ट्रैक्टर और एम्बुलेंस के बीच टक्कर हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक और एम्बुलेंस चालक बाल-बाल बच गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर के अगले दोनों टायर अलग हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर दूसरी दिशा की लेन में चल रहा था, तभी सामने से आ रही एम्बुलेंस से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे से कुछ समय पहले ही उसी क्षेत्र में एक ट्रक पलट गया था, जिसके कारण नेशनल हाईवे की एक लेन को बंद कर दिया गया था। यातायात को दूसरी लेन से संचालित किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि इसी स्थिति के चलते ट्रैक्टर चालक भी दूसरी लेन में चल रहा था, जिसके कारण यह हादसा पेश आया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाया। पुलिस की मौजूदगी तथा स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया, जिसके बाद मामले का निपटारा कर दिया गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।
 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *