चालक को पड़ा दौरा, बेकाबू बस ने 6 श्रमिकों को कुचला, एक की मौत, देखें वीडियो

Written by

in

देहरादूनः राजधानी के लालपुल चौक पर भीषण हादसा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार अनियंत्रित सिटी बस ने सड़क किनारे खड़े 6 श्रमिकों को कुचल दिया। इस हादसे में एक की मौत हो गई। घटना में 5 घायल हुए लोगों को उपचार के लिए श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसा बस चालक को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ने के कारण हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सिटी बस सवारियों को लेकर लालपुल चौक से सहारनपुर चौक की तरफ जा रही थी। इसी दौरान लालपुल चौक के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और बस ने सड़क किनारे चल रहे लोगों को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि बस चलाते समय चालक को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया था, जिससे उसका वाहन पर से नियंत्रण खो गया। नियंत्रण खोते ही तेज रफ्तार बस सीधे श्रमिकों पर जा चढ़ी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चालक फिलहाल पुलिस हिरासत में है। बताया जा रहा है कि समय पर एंबुलेंस भी मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को ई-रिक्शा और ऑटो में बैठाकर अस्पताल रवाना किया। दर्दनाक हादसे का मंजर देखकर आसपास मौजूद लोग भी सहम गए। कई लोगों ने घायलों की मदद के लिए आगे आकर पुलिस का सहयोग किया। दुर्घटना के कारण क्षेत्र में काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।      

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *