सवारियों से भरी बस में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान, देखें वीडियो

Written by

in

अजमेरः राजस्थान रोडवेज बस में अजमेर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते हाईवे पर बस आग का गोला बन गई। मिली जानकारी के अनुसार अजमेर से किशनगढ़ के बीच ये घटना हुई। घटना के दौरान बस में बैठी सवारियों ने कूद कर अपनी जान बचाई। ड्राइवर कंडेक्टर भी जान बचाने में कामयाब रहे। आग लगने के कारण बस जलकर कबाड़ हो गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान बस में करीब 37 यात्री सवार थे। आग की घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि ड्राइवर की सूझबूझ और तत्परता के चलते सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्राइवर राम अवतार ने तुरंत बस को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया। इसके बाद उन्होंने परिचालक की मदद से बस में सवार सभी 37 यात्रियों को तत्काल बाहर निकाल लिया। देखते ही देखते आग ने बस के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। बस में सवार यात्रियों ने चालक राम अवतार की सूझबूझ की तारीफ की। सीओ सिटी आईपीएस अजय सिंह राठौड़ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा गेगल, मदनगंज और गांधीनगर थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। यात्रियों के लिए तुरंत ही दूसरी रोडवेज बस की व्यवस्था की गई।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *