बोरिंग के दौरान Gas Pipeline में ब्लास्ट, इन्फ्लुएंसर समेत 5 झुलसे, देखें वीडियो

Written by

in

इंदौरः विजय नगर थाना क्षेत्र की सुमन नगर कॉलोनी में पार्षद द्वारा सार्वजनिक बोरिंग करवाने के दौरान अवंतिका गैस पाइपलाइन में ब्लास्ट हो गया। इस भीषण हादसे में 5 लोग घायल हुए। घटना स्थल पर लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं हादसे में 3 घायलों का बॉम्बे अस्पताल में इलाज जारी है। बॉम्बे अस्पताल में भर्ती घायलों में 31 वर्षीय गोपाल मालाकार (10 से 15 प्रतिशत बर्न), 55 वर्षीय सुभाष ठाकुर (10 से 12 प्रतिशत बर्न) और जिनी झाला (20 से 25 प्रतिशत बर्न) शामिल हैं। घटना के बाद बोरिंग मशीन लेकर चालक भाग निकला। घायल दोपहिया वाहन से जा रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। स्कूटी और बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। धमाके की आवाज सुनकर लोग जान बचाकर भागने लगे।
मौके पर सूचना के बाद फायर ब्रिगेड पहुंची और आग पर काबू पाया। धमाका इतना जोरदार था कि सड़क के दूसरे किनारे बैठे लोग भी आग की चपेट में आ गए। घायलों में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर गिरी राजकुमारी झाला भी शामिल है। ब्लास्ट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि मौके पर 15-20 लोग मौजूद हैं। 3 बाइक सवार पास से गुजरते हैं। इनमें से लोग आग की चपेट में आ जाते हैं। ब्लास्ट के दौरान बाइक से 2 लोग गिर जाते हैं, जबकि एक युवक ने चलती बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई। धमाके के साथ ही आग की ऊंची लपटें उठने लगती हैं। इसी दौरान एक कार के पीछे चल रहा बाइक सवार घबराकर सड़क पर गिर जाता है। वहीं, पास में खड़े ट्रक को आग की चपेट में आने से बचाने के लिए एक युवक तेजी से उसकी ओर दौड़ता नजर आता है। विजय नगर पुलिस के मुताबिक, जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां नगर निगम की ओर से वाटर हार्वेस्टिंग का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान अवंतिका गैस पाइपलाइन फट हो गई। पाइपलाइन फटने के बाद गैस लीक हो गया। कुछ समय बाद गैस ने आग पकड़ ली। धमाके के बाद आसपास के रहवासी अपने घरों से बाहर निकल आए। विस्फोट की आवाज काफी तेज थी, जिससे कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में झुलसे सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। अवंतिका गैस कंपनी के इंजीनियर अनुराग शर्मा ने बताया- घटनास्थल पर बोरिंग का सामान मिला है। कंपनी से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। हादसे के कारण शीतल नगर, विजय नगर समेत आसपास के क्षेत्रों के 5,000 से अधिक गैस कनेक्शन प्रभावित हुए हैं। फिलहाल गैस लाइन की मरम्मत का काम जारी है। उन्होंने कहा कि फिलहाल हमारी प्राथमिकता क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को सुधारना और गैस आपूर्ति बहाल करना है। इसके बाद पूरे मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसे दुरुस्त करने में करीब दो घंटे का समय लग सकता है।  

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *