फ़ोटो लेने के तुरंत बाद 500 फ़ीट नीचे गिरा हाइकर, मौत, देखें वीडियो

Written by

in

ब्रासीलियाः ब्राजील में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां रियो डी जेनेरियो के पास मारिका में मौजूद ‘पेड्रा दो माकाको’ ट्रेक पर 500 फ़ीट नीचे गिरने से हाइकर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 44 वर्षीय कायो रोचा एगुइयार अराबल के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मशहूर टूरिस्ट स्पॉट पर फोटो खिंचवाने के तुरंत बाद एक 44 वर्षीय कायो का संतुलन बिगड़ गया और वह 500 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बता दें कि हादसे की खबर मिलते ही मारिका सिविल डिफेंस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इलाका काफी ऊबड़-खाबड़ था और वहां घने जंगल थे, जिस वजह से रेस्क्यू टीम को कायो के शव तक पहुंचने में 4 घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बचाव दल के अधिकारी मथियस मौरा ने बताया कि शव तक पहुंचने के लिए हमें घने जंगलों और बेहद दुर्गम रास्तों से होकर जाना पड़ा। हमें रस्सियों के सहारे चढ़ाई करनी पड़ी और काफी प्रक्रियाओं के बाद हम वहां पहुंच पाए। इसके बाद आखिरकार हेलिकॉप्टर की मदद से शव को बाहर निकाला गया। गंभीर चोटों के कारण कायो की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जानकारी के मुताबिक, कायो पहाड़ी की चोटी पर एक ऐसी चट्टान पर चढ़कर फोटो खिंचवा रहे थे, जहां से नीचे की झीलों का खूबसूरत नजारा दिखता है। यह जगह बेहद खतरनाक मानी जाती है, फिर भी लोग यहां आकर तस्वीरें खिंचवाते हैं। चश्मदीदों ने बताया कि कायो ने जैसे ही फोटो खिंचवाना खत्म किया और नीचे उतरने की कोशिश की, तभी उनका पैर फिसल गया। उनके साथ मौजूद एक साथी ट्रेकर इस पूरी घटना का वीडियो बना रहा था। वीडियो में वह कायो को ध्यान से, संभलकर रहने की चेतावनी देता सुनाई दे रहा है, लेकिन अगले ही पल कायो का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गए। वीडियो में गवाह की चीखें भी रिकॉर्ड हुई हैं। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि कायो उस दिन ट्रेकर्स के एक ग्रुप के लिए गाइड का काम कर रहे थे, जबकि उनके पास इसका कोई कानूनी लाइसेंस नहीं था। जांच अधिकारियों का मानना है कि फोटो खिंचवाने के बाद वे चट्टान के उस हिस्से से नीचे उतरने की कोशिश कर रहे थे जो बहुत ज्यादा सीधा और ढलान वाला था। गलत रास्ते से उतरने की वजह से ही उनका संतुलन बिगड़ा।  

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *