Punjab News: बाईपास पर गुजरात की गाड़ी से 62 लाख कैश बरामद, 2 राउंडअप, देखें वीडियो

गुरदासपुरः शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरदासपुर-बबरी बाईपास पर विशेष नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने एक क्रेटा कार में सवार दो गुजराती युवकों को 62 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा के साथ हिरासत में लिया है। हैरानी की बात यह है कि दोनों युवक 20 वर्ष से कम आयु के बताए जा रहे हैं।

नकदी के संबंध में पूछताछ करने पर युवकों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिसके बाद गुरदासपुर पुलिस ने मौके पर आयकर विभाग के अधिकारियों को बुलाया और दोनों युवकों को उनके हवाले कर दिया। अब इस बात की जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी कहां ले जाई जा रही थी और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।

मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी शाहबाज सिंह ने बताया कि शहर के एंट्री प्वाइंट बबरी नाके पर पुलिस द्वारा नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक सफेद रंग की क्रेटा कार दिखाई दी, जिसे रुकने का इशारा किया गया। जांच के दौरान वाहन सवारों के पास गाड़ी के दस्तावेज भी मौजूद नहीं थे।

जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। युवकों की पहचान जयदेव और अनिरुद्ध के रूप में हुई है, जो अहमदाबाद के रहने वाले हैं और किसी व्यापारी के यहां काम करते हैं। वे 62 लाख रुपये की बड़ी रकम लेकर कहीं जा रहे थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आयकर विभाग के हवाले कर दिया है। विभाग उनसे पूछताछ कर रहा है कि उनके पास इतनी बड़ी मात्रा में नकदी कहां से आई और इसका इस्तेमाल कहां किया जाना था।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *