Punjab News: अधिकारी बताकर व्यापारी पर रौब झाड़ता फर्जी सेलटैक्स कर्मी काबू, देखें वीडियो

गुरदासपुरः बटाला के उमरपुरा इलाके में दुकानदार की मुस्तैदी और सतर्कता के चलते एक बड़ा फर्जीवाड़ा नाकाम हो गया। यहां खुद को चंडीगढ़ से आया सेल्स टैक्स (बिक्री कर) अधिकारी बताकर एक व्यापारी पर रौब झाड़ने और ठगी करने पहुंचे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कामयाबी उमरपुरा स्थित ‘बाजवा बैटरी हाउस’ के मालिक की सजगता के कारण मिली। पीड़ित दुकानदार और बाजवा बैटरी हाउस के मालिक इकबाल सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर के समय एक अज्ञात युवक उनकी दुकान पर दाखिल हुआ।

उसने बड़े ही रौबदार लहजे में खुद को चंडीगढ़ मुख्यालय से आया हुआ ‘सेल्स टैक्स अधिकारी’ बताया। इसके बाद उसने दुकान के व्यापारिक दस्तावेज और टैक्स से जुड़े कागजात जांचने (चेकिंग) के नाम पर दिखाने को कहा। युवक की बातचीत के तौर-तरीके और संदिग्ध गतिविधियों को देखकर इकबाल सिंह को उस पर शक हो गया। उन्होंने बिना घबराए बड़ी ही चतुराई से काम लिया और युवक को बातों में उलझाकर तुरंत बटाला स्थित स्थानीय सेल्स टैक्स कार्यालय में फोन कर मामले की सत्यता जांची। सूचना मिलते ही सेल्स टैक्स विभाग के असली अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए।

पहुंचे अधिकारियों ने जब युवक से उसका आई-कार्ड मांगा और पूछताछ की, तो साफ हो गया कि उक्त युवक का विभाग से कोई लेना-देना नहीं है और वह एक बहरूपिया है। इसके बाद तुरंत अर्बन स्टेट थाना पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फर्जी अधिकारी को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। दुकानदार व्यापारी संघ ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी जालसाज शहर के भोले-भाले दुकानदारों और व्यापारियों को डरा-धमका कर उनसे ठगी न कर सके। जांच अधिकारी AS विक्रम ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि उसने पहले भी किसी और दुकानदार को अपना शिकार बनाया है या नहीं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *