आवारा कुत्तों का कहरः प्रवासी मजदूर को खेत में नोच-नोचकर मार डाला

Written by

in

जगराओंः लुधियाना के जगराओं के गांव पब्बियां में आवारा कुत्तों के हमले से एक मजूदर की मौत होने का मामला सामने आया है। आपको बता दें आए दिन कुत्तों के हमलों से बुजुर्ग, बच्चे और जवान शिकार हो रहे है। हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद भी प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है। जिससे आए दिन लोगों को जान से हाथ धोना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार ताजा मामले में एक प्रवासी मजूदर खेतों में रात को धान की रोपाई करने के बाद अपने साथियों के साथ खेत में बने मोटर की छत पर सोने चल गया। इस दौरान देर रात को उसके करीबी का फोन आया और वह छत से नीचे उतर कर बात करता-करता बाहर चल गया, जहां एक आवारा कुत्तों का झुंड मौजूद था। कुत्तों के झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान रमेश मंडल पुत्र जागेश्वर निवासी मख्खनाहा जिला पूर्णिया बिहार के रूप में हुई है। वह हर साल की तरह इस बार भी गांव पब्बियां में धान की रोपाई के लिए अपने साथियों के साथ आया था।

पुलिस के अनुसार रमेश ने खुद को बचाने का प्रयास किया और मदद के लिए चिल्लाया। हालांकि, दिनभर काम करने के कारण उसके साथी गहरी नींद में थे और उसकी आवाज नहीं सुन पाए। कुत्तों ने उसकी गर्दन सहित शरीर के कई हिस्सों को नोच डाला था।

गुरुवार सुबह जब साथी मजदूर उठे तो उन्होंने खेत में रमेश का शव पड़ा देखा। जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। चौकी चौकीमान के प्रभारी सुखमंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाके के लोगों में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर गहरा गुस्सा है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *