“एंटी चिट्टा अभियान” के तहत ऊना पुलिस का जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

Written by

in

ऊना, सुशील पंडित: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत जिला पुलिस ऊना ने गुरुवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को चिट्टा (हेरोइन) समेत अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

जे.एस. विज़डम वर्ल्ड स्कूल ऊना सहित विभिन्न विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को NDPS Act के तहत मादक पदार्थों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य उपस्थित लोगों को “एंटी चिट्टा शपथ” दिलाई गई तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी का संकल्प भी दिलाया गया।

जिला पुलिस ऊना ने कहा कि नशे के खिलाफ यह जन-जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का मानना है कि युवाओं की जागरूकता और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही नशे जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *