लोन पर मोबाइल लेना पड़ा महंगा, ग्राहक और दुकानदार में हुई मारपीट, देखें CCTV

Written by

in

फतेहपुरः जिले में मोबाइल फोन के भुगतान विवाद हो गया। दरअसल, व्यक्ति ने लोन पर फोन लिया था। इस मामले को लेकर थरियांव थाना क्षेत्र के कस्बे में ग्राहक और दुकानदार के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान जमकर तोड़फोड़ की गई। दुकान में तोड़फोड़ की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार, कस्बे में स्थित अंकित टेलीकॉम से सुशील कुमार नामक युवक ने लोन पर एक मोबाइल फोन खरीदा था। सुशील का आरोप है कि उसे 16,000 रुपये कीमत का फोन दिया गया, लेकिन उसके नाम पर 22,000 रुपये का लोन कर दिया गया। सुशील फोन बदलने और लोन की राशि को लेकर बात करने दुकान पहुंचा।

आरोप है कि वहां दुकानदार और दुकान में मौजूद करीब 7 कर्मचारियों ने उसे और उसके दो साथियों को बंधक बनाकर मारपीट की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को छुड़ाकर स्थिति को शांत कराया। दूसरी ओर, दुकानदार रामबाबू ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि मोबाइल लोन के भुगतान को लेकर कुछ गलतफहमी थी, जिसे समझाया जा रहा था। इसी बीच, सुशील अपने दो साथियों के साथ दोबारा दुकान पर पहुंचा और लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

दुकानदार के अनुसार, हमलावरों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की, सामान क्षतिग्रस्त कर दिया और उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर ली हैं और मामले की विस्तृत जांच में जुटी है। थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मोबाइल फोन के लोन को लेकर दोनों पक्षों के बीच गलतफहमी थी। प्रारंभिक विवाद के बाद दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया गया था,लेकिन बाद में युवक द्वारा साथियों के साथ दुकान पर हमला कर तोड़फोड़ और मारपीट किए जाने की शिकायत मिली है। दुकानदार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मारपीट का पूरा वाक्य सीसीटीवी कैमरे में कैद है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *