Punjab News: गन्ने के खेतों में संदिग्ध ड्रोन बरामद, जांच में जुटी पुलिस

गुरदासपुर: पाकिस्तान लगातार अपनी नाकाम हरकतों से बाज नहीं आ रहा है और सीमा क्षेत्र के इलाकों में नशीले पदार्थ तथा हथियार जैसी सामग्री गिराने के लिए बार-बार कोशिशें करता रहता है। लेकिन सीमाओं पर तैनात हमारी सुरक्षा बलों के जवान अक्सर उनकी इन हरकतों को नाकाम करने में सफल रहते हैं। एक बार फिर सरहदी ज़िला गुरदासपुर के पुलिस स्टेशन बहिरामपुर के अंतर्गत आने वाले गांव जागोचक टांडा के टी-पॉइंट के पास गन्ने के खेतों में एक संदिग्ध ड्रोन मिलने की खबर सामने आई है। ड्रोन देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी दीनानगर रज़िंदर मीन्हास ने बताया कि टीम ने मौके पर पहुंचकर ड्रोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आस-पास के इलाके की बारीकी से तलाशी ली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रोन किस मकसद से इस क्षेत्र में आया था और क्या इसके द्वारा कोई संदिग्ध सामग्री उतारी गई है।

सरहदी इलाका होने के कारण सुरक्षा एजेंसियाँ इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं। पुलिस द्वारा ड्रोन की तकनीकी जाँच करवाई जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की है। दूसरी ओर पुलिस ने थाना बहिरामपुर में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर अगली जांच शुरू कर दी है और जाँच पूरी होने के बाद ही ड्रोन संबंधी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *