Punjab News: अमरनाथ यात्रा से लौट रहे यात्रियों की बस पलटी, कई घायल, देखें वीडियो

पठानकोट: श्री अमरनाथ यात्रा से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस हिमाचल प्रदेश के डमटाल इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा बीती रात पठानकोट के पास स्थित डमटाल कस्बे में हुआ। बस के पलटने से उसमें सवार कई यात्रियों को चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने तुरंत शुरू किया राहत और बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बस से बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से सभी घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घायल यात्रियों ने बताया कि वे सभी हरिद्वार के रहने वाले हैं। वे श्री अमरनाथ बाबा के दर्शन करने के बाद बस से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डमटाल के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे में बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आई हैं।

ड्राइवर पर नशे में बस चलाने का आरोप
घायल यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस चालक ने शराब या किसी नशे का सेवन किया हुआ था। उनका कहना है कि चालक ठीक से बस नहीं चला रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। यात्रियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। ड्राइवर के नशे में होने के आरोपों की भी जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *