फर्जी IAS अफसर बनकर रचाई शादी, पति से मांगे 40 लाख; महिला गिरफ्तार

Written by

in

बरेलीः उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में खुद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) का अधिकारी बताकर एक युवक से शादी करने करने का मामला सामने आया है। महिला ने युवक को भी सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। साथ ही सोशल मीडिया पर खुद को साधना आईएएस अधिकारी के नाम से आईडी बनाई हुई थी। जिसमें फेक वीडियो और फोटो अटैच की हुई थी। इस दौरान शातिर महिला ने पति से 40 लाख रुपए की मांग की।

मामला पुलिस के पास पहुंचने पर उक्त महिला को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। ये कार्रवाई पचोमी गांव निवासी अभिषेक की शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत के बाद फरीदपुर थाने में साधना, उसके पिता नरेंद्र पाल सिंह, भाई सूर्य प्रताप और मामा राजेंद्र सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। सभी आरोपी बदायूं जिले के बिल्सी क्षेत्र के सतेती गांव के रहने वाले हैं।

अभिषेक का आरोप है कि शादी के बाद साधना का व्यवहार बदल गया। उसने कथित तौर पर उसका गला घोंटने की कोशिश की, परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी और 40 लाख रुपए की मांग की। शिकायत में कहा है कि साधना ने अपने नाम के एक भूखंड पर अस्पताल बनाने के लिए अभिषेक पर अपनी 20 बीघा कृषि भूमि बेचने का दबाव बनाया।

पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) अंशिका वर्मा ने बताया कि तलाशी अभियान के बाद साधना को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने फेसबुक पर फर्जी तस्वीरें और वीडियो अपलोड कर अभिषेक और उसके परिवार का विश्वास जीता था। पुलिस के मुताबिक साधना बीएससी स्नातक है और सरकारी नौकरी की परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। उसके पिता किसान हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *