24 घंटों में 1.25 करोड़ रुपये की हेरोइन सहित 2 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, देखें वीडियो

पंचकूलाः पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के नेतृत्व में जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 2 अलग-अलग मामलों में आरोपियों को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 और एंटी नारकोटिक सेल ने 2 अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से कुल 625 ग्राम हेरोइन बरामद की है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपी पड़ोसी राज्यों से ट्राईसिटी क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई कर रहे थे। पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करेगी, ताकि इनके सप्लाई नेटवर्क, सप्लायर, खरीदारों तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों का पता लगाकर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम को 14 जुलाई को गुप्त सूचना मिली कि जीरकपुर में किराये पर रहने वाला वंश ग्रोवर (24 वर्ष) बरवाला-डेराबस्सी रोड पर बड़ी मात्रा में हेरोइन की सप्लाई देने के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिये के अनुसार आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 321 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 64 लाख रुपये से अधिक है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मूल रूप से पानीपत का रहने वाला है और वर्तमान में जीरकपुर में किराये पर रह रहा था। आरोपी स्वयं हेरोइन का सेवन करने के साथ-साथ ट्राईसिटी क्षेत्र में इसकी तस्करी भी करता था और बरामद खेप की सप्लाई देने के उद्देश्य से बरवाला पहुंचा था। इस संबंध में थाना चंडीमंदिर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह हेरोइन कहां से लाता था और किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था।
Leave a Reply